सीधी। दीपों का महापर्व पर रोशनी से शहर और गांव नहाया। हर घर में उल्लास की दीवाली मनी। शुभ मुहूर्त में महालक्ष्मी का आह्वान कर सुख-समृद्धि की कामना के साथ दिवाली मनाई गई। बच्चों में आतिशबाजी को लेकर हर्षोल्लास दिखा।जिले भर में रविवार को दीपावली का पर्व परंपरागत उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी से वातावरण जगमगा उठा। घरों, मंदिरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से भगवान गणेश एवं मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर लोगों ने सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वहीं बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। देर रात तक पटाखों की गूंज के बीच आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा। दीपावली को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक बनी रही। घरों की साफ-सफाई और सजावट के साथ लोगों ने पूजन सामग्री, मिठाई, दीपक, सजावटी सामान एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। शहर के गांधी चौक, डीपी कॉम्पलेक्स, सब्जी मंडी, लालता चौक, अस्पताल चौक और सम्राट चौक सहित प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही।
दुकानों और प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी रोशनी एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया था। शाम ढलते ही घरों की देहरी, मुंडेरों और मंदिरों में दीपक जलाए गए। महिलाओं ने आकर्षक परिधानों में सजधज कर विधि-विधान से मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा.अर्चना की। घरों और प्रतिष्ठानों में आरती की स्वर लहरियां गूंजने लगीं। इसके बाद बच्चों और युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। कई लोगों ने अपने परिचितों और परिजनों के घर पहुंचकर दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
दीपावली में राष्ट्रीय लोक गायिका मान्या ने दिया बधाई संदेश
राष्ट्रीय लोक गायिका मान्या पाण्डेय ने दीपावली के त्यौहार पर सभी लोगों को बधाई संदेश जारी किया। जारी संदेश में मान्या पाण्डेय ने कहा कि सभी को दीपावली की हार्दिक बधाई। दीपोत्सव के इस त्यौहार में सभी लोगों के जीवन में सुख शांति सदैव बनी रहे। मां लक्ष्मी की सभी लोगों पर कृपा बनी रहे।
परीवा पर बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा
दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को परीवा होने के कारण शहर के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बड़े व छोटे दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें नहीं खोलीं। पुरानी परंपरा के अनुसार परीवा के दिन कारोबार नहीं किया जाता है। इसी वजह से अधिकांश व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। दुकानें बंद रहने के कारण लोगों की चहल-पहल भी काफी कम रही।
दीपावली में प्रभु सीता-राम की अथर्व ने बनाई जीवंत रंगोली
दीपावली के पावन पर्व पर आदर्श कालोनी पड़ैनिया निवासी आरती बृजेश द्विवेदी के सुपुत्र और केन्द्रीय विद्यालय सीधी के छात्र अथर्व द्विवेदी ने प्रभु सीता-राम की एक बेहद खूबसूरत और जीवंत रंगोली बनाई है। अथर्व द्वारा रंगों से उकेरी गई यह कलाकृति क्षेत्रवासियों और इसे देखने आने वाले सभी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। हर कोई छात्र की इस बेहतरीन कला और सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा कर रहा है।
