नयी दिल्ली, 09 नवम्बर (वार्ता) भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस सूरत रविवार को ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच गया जहां वह भारत और ओमान की नौसेनाओं के बीच होने वाले द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ के 15वें आयाेजन में हिस्सा लेगा। इसके बाद दोनों देशों की नौसेनाएं संयुक्त गश्त (कॉरपैट) भी करेंगी।
रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि समुद्री अभ्यास के दौरान बंदरगाह और समुद्र में कई गतिविधियां होंगी। इनमें एक-दूसरे के युद्धपोतों का दौरा, सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत और खेल गतिविधियां शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए दोनों देशों की नौसेनाओं को अपने अनुभव और बेहतर कार्यप्रणाली साझा करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही आपसी तालमेल और समझ बढ़ाने में मदद मिलेगी।
आईएनएस सूरत का मस्कट पहुंचना भारत और ओमान के बीच मजबूत समुद्री संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक कदम है। यह सरकार के ‘महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी एवं समग्र प्रगति) के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इस यात्रा से पिछले वर्ष नवंबर 2025 को हुई संयुक्त सैन्य सहयोग समिति की 13वीं बैठक के दौरान बनी सहमति को आगे बढ़ाने का भी अवसर मिलेगा।

