इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र में शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में एक महिला और उसके डेढ़ साल के बेटे के शव पड़े मिले. पुलिस ने गुरुवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई है और मामले की जांच जारी है.एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची.
झाड़ियों में मिली लाशों में एक 25 वर्षीय महिला और उसका करीब डेढ़ साल का बेटा शामिल है. जांच के दौरान आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या कर शव यहां फेंके गए. महिला की शिनाख्त रानी पाल के रूप में बताई जा रही है, जो बाणगंगा क्षेत्र में ही रहती थी, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की है.
मामले में पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसने पहले महिला और बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उस पर ही शक जताया जा रहा है. बाणगंगा पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. एडिशनल डीसीपी का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठा लिया जाएगा.
