सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के परसोना इलाके में रविवार देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस घटना में 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान संचालक शिवम कुमार गुप्ता ने बताया कि परसोना स्थित सत्यम शिवम इलेक्ट्रॉनिक दुकान को वह रविवार रात करीब 11 बजे बंद करके घर चले गए थे। रात लगभग 12:30 बजे पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे।
शिवम के मुताबिक, जब उन्होंने दुकान का शटर खोलने का प्रयास किया, तब तक आग अंदर तेजी से फैल चुकी थी। स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
रात 3 बजे तक जलता रहा सामान
आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रात करीब 3 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान जलकर खाक हो चुके थे। संचालक के अनुसार, आग से 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।
शॉर्ट सर्किट या जलता दीपक छोड़ने की आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस ने आग लगने के संभावित कारणों में शॉर्ट सर्किट और जलता हुआ दीपक छोड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
