चंडीगढ़, 8 नवंबर (वार्ता) पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने काउंटर इंटेलिजेंस के ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) तथा केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से डोनी बाल-प्रभ दासूवाल गिरोह के प्रमुख सरगना गुरविंदर उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत लाने में सफलता हासिल की है।
‘ऑपरेशन शाहिद’ के तहत 10 महीने तक चले अंतरराष्ट्रीय अभियान के बाद उसे निर्वासित करवाया गया। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठकर पंजाब में लक्षित हत्याओं, फिरौती के लिए गोलीबारी की घटनाओं और संगठित आपराधिक गतिविधियों को कथित तौर पर निर्देशित कर रहा था। पंजाब सरकार ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पंजाब पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के विभिन्न देशों में खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी और आरोपी की लोकेशन का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया।
पंजाब पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में सहयोग के लिए विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने कहा कि राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध रोकने और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेंगे।
