स्टॉकहोम (वार्ता) स्वीडन के संसदीय गतिरोध को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दक्षिणपंथी स्वीडन डेमोक्रेट्स पार्टी (एसडीपी) ने सरकार में मंत्री पदों की अपनी मांग वापस ले ली है।
पार्टी के नेता जिम्मी ओकेसन ने शुक्रवार को अपने गृह नगर सॉल्वेसबर्ग में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि उनकी पार्टी ‘मॉडरेट पार्टी’ के नेता उल्फ क्रिस्टर्सन के नेतृत्व में बनने वाली चार दलीय मध्य-दक्षिणपंथी सरकार का मार्ग प्रशस्त करने के लिए तैयार है।
श्री ओकेसन ने स्पष्ट किया कि एसडीपी प्रधानमंत्री पद के मतदान के दौरान तटस्थ रहकर उल्फ क्रिस्टर्सन का समर्थन करेगी। सरकार गठन के बाद उनकी पार्टी पूरी तरह विपक्ष में रहेगी और अगले चुनाव तक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य रोजेनबाद (प्रधानमंत्री कार्यालय) में ग्रीन पार्टी और लेफ्ट पार्टी को सत्ता में आने से रोकना है। श्री ओकेसन ने यह भी संकेत दिया कि वे सरकार से बातचीत के जरिए बजट पर विचार करने के लिए खुले हैं।
श्री क्रिस्टर्सन ने एसडीपी के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे ‘जिम्मेदाराना फैसला’ बताया और कहा कि इससे सरकार बनाने की कठिन प्रक्रिया कुछ आसान हो सकती है।
उदारवादी सेंटर पार्टी का रुख हालांकि अब भी कड़ा बना हुआ है, जिसने कहा है कि वह ऐसे किसी भी मंत्रिमंडल या सरकार का समर्थन नहीं करेगी, जो एसडीपी पर निर्भर हो।
दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी वामपंथी सोशल डेमोक्रेट्स पार्टी के उप समूह नेता एंडर्स यगेमैन ने टिप्पणी की कि इस फैसले से स्थिति नहीं बदलती और क्रिस्टर्सन सरकार अब भी पूरी तरह से श्री ओकेसन पर ही निर्भर रहेगी।
