जनहितैषी कार्यप्रणाली अपनाकर नागरिकों को दें त्वरित सेवा

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने जिला परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, ऑनलाइन सेवाओं एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया.

उन्होंने कार्यालय परिसर, विभिन्न शाखाओं तथा अभिलेखों का अवलोकन किया और अधिकारियों को कार्यालय में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं नागरिक हितैषी वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए. उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली अपनाते हुए नागरिकों को त्वरित, सरल एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. सारथी पोर्टल एवं वाहन पोर्टल पर संचालित ऑनलाइन प्रक्रियाओं का अवलोकन किया. उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, परमिट, फिटनेस, कर भुगतान व ऑनलाइन सेवाओं के निष्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी ऑनलाइन आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए.

उन्होंने कार्यालय भवन के बेहतर संधारण, साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर कराने के निर्देश दिए. नागरिकों के लिये पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सूचना बोर्ड एवं हेल्प डेस्क जैसी नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परिवहन विभाग की सभी सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करें. लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण किया जाए.

कलेक्टर ने जिले में नियमित रूप से सघन वाहन जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए. बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस के साथ संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने को कहा. साथ ही स्कूल वाहनों, यात्री वाहनों एवं व्यावसायिक वाहनों की नियमित फिटनेस जांच सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए.

 

Next Post

नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज का भविष्य छीन लेता है: डॉ. सरोज गुप्ता

Tue Jul 21 , 2026
सागर। पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर में “नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान 2.0” के अंतर्गत 15 से 30 जुलाई तक विविध जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति […]

You May Like