इंदौर: शहर के मध्य मल्हारगंज थाने के पास मेट्रो स्टेशन निर्माण का बाधा खत्म हो गई है. सभी 42 मकान बिना तोड़े स्टेशन बनाया जाएगा. इसका कारण यह है कि मेट्रो ने स्टेशन की लंबाई कम कर दी है और साथ ही गहराई भी दो की जगह तीन मंजिल करने की सहमति दी है.गत सोमवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन और मेट्रो अधिकारियों की गोपनीय बैठक हुई थी. उक्त बैठक में छोटा गणपति मेट्रो स्टेशन को लेकर चर्चा हुई.
चर्चा में मेट्रो अधिकारियों ने सत्तन और विजयवर्गीय को बताया कि 42 मकान तोड़े बगैर मेट्रो का स्टेशन बनाया जाएगा. मेट्रो की अंडर ग्राउंड स्टेशन की गहराई 38 मीटर कर दी है, जो पहले 20 मीटर थी. मेट्रो अधिकारियों ने दोनों नेताओं को विश्वास के साथ बताया कि नेटम पद्धति से निर्माण होगा, जिसमें किसी तरह से किसी भी मकान और बिल्डिंग को नुकसान नहीं होगा. निर्माण के दौरान सेंसर लगाएं जाएंगे, जिससे मकान में नुकसान के पहले जानकारी लग जाएगी और मकान के सुरक्षा के साथ काम किया जाएगा. मेट्रो अधिकारियों की बात से सहमत होकर दोनों नेताओं ने सहमति दे दी और क्षेत्रीय रहवासियों को भरोसा दिया कि उनका नुकसान नहीं होगा और स्टेशन भी छोटा कर दिया है.
जनता को मिलेगी बड़ी सुविधा
ध्यान रहे कि मल्हारगंज मेट्रो स्टेशन बनने के बाद जनता को बहुत बड़ी सुविधा उपलब्ध हो जाएगी. अभी राजबाड़ा से लेकर बड़ा गणपति के बीच कोई स्टेशन नहीं होने से सीतलामाता बाजार, क्लॉथ मार्केट, मालगंज, मल्हारगंज व्यापारिक क्षेत्र, जिंसी, अहिल्या पलटन पुलिस लाइन, खजूरी बाजार, बड़वाली चौकी इलाका कवर हो जाएगा. यह संपूर्ण इलाका ही व्यापारिक क्षेत्र है, जिसमें भारी संख्या में जनता का आना जाना होता है.
