नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज का भविष्य छीन लेता है: डॉ. सरोज गुप्ता

सागर। पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर में “नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान 2.0” के अंतर्गत 15 से 30 जुलाई तक विविध जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि “नशा व्यक्ति की विवेकशीलता, स्वास्थ्य, चरित्र और भविष्य को धीरे-धीरे नष्ट कर देता है। इसका प्रभाव केवल नशा करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास पर भी पड़ता है। युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी का यह दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करे। स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही सफलता का वास्तविक आधार है।”

राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने अपने व्याख्यान में नशे के मनोवैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन धीरे-धीरे व्यक्ति की निर्णय क्षमता, स्मरण शक्ति, मानसिक संतुलन तथा शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से तनाव, अवसाद अथवा सामाजिक दबाव जैसी परिस्थितियों का समाधान नशे में नहीं, बल्कि संवाद, सकारात्मक सोच, खेलकूद, योग, नियमित दिनचर्या तथा परिवार एवं शिक्षकों के सहयोग में खोजने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रज्ञा दुबे ने कहा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति विशेष रूप से चिंताजनक है। कई बार मित्रों के दबाव, तनाव, जिज्ञासा या गलत संगति के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं। शुरुआत में यह केवल एक आदत लगती है, लेकिन धीरे-धीरे यह लत बन जाती है, जिससे बाहर निकलना बहुत कठिन हो जाता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के अधिकांश सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्र एवं छात्रा इकाइयों के स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स तथा महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

महाविद्यालय में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान 2.0” के अंतर्गत आगामी दिनों में भी पोस्टर प्रतियोगिता, रील्स निर्माण, निबंध लेखन एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवाओं में नशामुक्त जीवनशैली के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया जा सके।

 

 

Next Post

अच्छी बारिश और खुशहाली के लिए सीवन तट से निकलेगी भव्य दंडवत यात्रा, प्राचीन गणेश मंदिर में होगा समापन

Tue Jul 21 , 2026
सीहोर। अच्छी वर्षा, क्षेत्र की खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना को लेकर शहर में बुधवार को भव्य दंडवत यात्रा निकाली जाएगी. यह यात्रा दोपहर 3 बजे शहर के सीवन नदी तट स्थित प्राचीन गंगेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर प्राचीन गणेश मंदिर तक पहुंचेगी. लगभग तीन किमी की इस दंडवत […]

You May Like