अबू धाबी, 06 नवंबर (वार्ता) अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (एडनॉक) और गुजरात एनर्जी ने दोनों देशों के बीच ऊर्जा संबंधों को प्रगाढ़ बनाते हुए एक दीर्घकालिक आपूर्ति समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।
एडनॉक ने शुक्रवार को गुजरात एनर्जी लिमिटेड के साथ एक दीर्घकालिक बिक्री और खरीद समझौते (एसपीए) पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की। इसके तहत एडनॉक की अंतरराष्ट्रीय निवेश कंपनी एक्सआरजी के अंतरराष्ट्रीय गैस पोर्टफोलियो से भारत को तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति की जायेगी।
यह समझौता एक्सआरजी के अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो से गैस की पहली बिक्री को दर्शाता है। इस समझौते के तहत गुजरात एनर्जी को वर्ष 2028 से शुरू होकर दस वर्षों में 40 लाख टन तक एलएनजी मिलेगी। भारत में एडनॉक का यह पांचवां एलएनजी आपूर्ति समझौता है।
एडनॉक में एलएनजी के मुख्य विपणन एवं उत्पत्ति अधिकारी राशिद अल मजरूई ने कहा कि गुजरात एनर्जी के साथ यह समझौता भारत में ग्राहकों के साथ एडनॉक की दीर्घकालिक ऊर्जा साझेदारी को मजबूत करता है। यह एक्सआरजी के अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो से गैस की पहली बिक्री को दर्शाता है, जो विश्वसनीय और दीर्घकालिक एलएनजी आपूर्ति प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है। अपने एकीकृत एलएनजी विपणन और व्यापार मंच के माध्यम से हम अपने बढ़ते अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो को वैश्विक बाजारों के प्रमुख क्षेत्रों के ग्राहकों से जोड़ रहे हैं और साथ ही भारत को विश्वसनीय, लचीली और दीर्घकालिक एलएनजी आपूर्ति प्रदान कर रहे हैं।
एडनॉक के एक बयान के अनुसार, यह सौदा जुलाई में अबू धाबी ग्लोबल मार्केट में शुरू किए गए एडनॉक के वैश्विक एलएनजी विपणन और व्यापार मंच को गति प्रदान करता है। इस मंच ने अब जापान में इनपेक्स, थाईलैंड में गल्फ ग्रुप और भारत में गुजरात एनर्जी के साथ आपूर्ति समझौतों पर हस्ताक्षर किये हैं, जिससे एशिया के कुछ प्रमुख एलएनजी क्षेत्रों में एडनॉक की पहुंच का विस्तार हुआ है। इसका लक्ष्य 2030 के बाद 4.7 करोड़ टन प्रति वर्ष विपणन योग्य एलएनजी का है, जो एडनॉक को दुनिया के अग्रणी एलएनजी आपूर्तिकर्ताओं में स्थापित करता है।
यह समझौता वैश्विक स्तर पर एकीकृत गैस और एलएनजी व्यवसाय के रूप में एक्सआरजी के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह एडनॉक के वैश्विक एलएनजी विपणन और व्यापार मंच के माध्यम से खाड़ी से बाहर उत्पादित एक्सआरजी के स्वामित्व वाली आपूर्ति को भारत में मांग से जोड़ता है। यह दर्शाता है कि समूह अपने अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो से दुनिया भर के ग्राहकों तक गैस कैसे पहुंचा सकता है।
गुजरात एनर्जी लिमिटेड (जीईएल) की प्रबंध निदेशक अवंतिका सिंह औलख ने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से जीईएल और एडनॉक अपने सहयोग की क्षमता को पूरी तरह साकार करने के लिए हाथ मिला रहे हैं। जीईएल ऊर्जा यात्रा के हर चरण में बाजार का नेतृत्व करती है, जिसे मजबूत रीगैसिफिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर, छह राज्यों के 44 जिलों में फैले व्यापक सिटी गैस नेटवर्क और भारत में तेजी से बढ़ते व्यापारिक उपस्थिति का समर्थन हासिल है।
प्राकृतिक गैस स्वच्छ ऊर्जा की ओर भारत के बदलाव को गति देने में केंद्रीय भूमिका निभाती है। यह एक महत्वपूर्ण कम-कार्बन विकल्प के रूप में काम करती है, जो औद्योगिक दक्षता बढ़ाती है, घरों को अधिक सुरक्षित रसोई ईंधन प्रदान करती है और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के विकास को गति देती है।
