दीपावली पर बाजारों से संवेदनशील इलाकों तक रहेगी पुलिस की नजर

इंदौर. दीपावली पर्व के दौरान शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बाजारों में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. वहीं पटाखा बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और बदमाशों के ठिकानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों की बैठक लेकर जोनवार तैयारियों और कार्रवाई की जानकारी ली.

बैठक में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने पटाखा दुकानों और बाजारों का नियमित निरीक्षण करने तथा दुकानदारों से सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए. प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र, रेत, पानी की बाल्टियां और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने को कहा है. रहवासी इलाकों में पटाखों के अवैध भंडारण के साथ कार्बाइड गन और प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री की बिक्री, उपयोग और भंडारण करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी. भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए वॉच टॉवर और पीए सिस्टम का उपयोग किया जाएगा. संवेदनशील इलाकों, बदमाशों के हॉटस्पॉट और ऐसे स्थानों पर, जहां पुलिस की नियमित निगरानी कम रहती है, ड्रोन से नजर रखी जाएगी. सघन चेकिंग और पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी. पुलिस कमिश्नर ने आदतन बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जारी रखने के साथ उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को कहा. अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए योजनाबद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए. बीट और माइक्रो बीट पुलिसिंग मजबूत करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करने के लिए कहा है. बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह, मयंक अवस्थी सहित सभी पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. अधिकारियों और कर्मचारियों को समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए.

Next Post

जब जाम में फंसा राज्यमंत्री का वाहन

Fri Nov 6 , 2026
चितरंगी। धनतेरस के पावन पर्व पर आज शुक्रवार को चितरंगी मुख्यालय के बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान बाजार में यातायात व्यवस्था चरमरा गई और सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इसी जाम में राज्य मंत्री राधा सिंह का काफिला भी फंस […]

You May Like