सतना। धार्मिक नगरी चित्रकूट में 6 से 10 नवंबर तक दीपावली अमावस्या मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मुख्य प्रवेश द्वार और चौक-चौराहों को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है।
मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, पेयजल और साफ-सफाई के इंतजाम किए हैं।
गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने चित्रकूट पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने गुप्त गोदावरी, भारत घाट, राघव प्रयाग घाट और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
