
भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय कलरी देवी की उनके ही फ्लैट में हत्या कर दी गई। बदमाश महिला के सोने के गहने लूटने के साथ उनका सोने का दांत तक उखाड़कर ले गए।
जानकारी के मुताबिक, कलरी देवी घर में अकेली रहती थीं। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे एक पड़ोसी महिला ने उनके फ्लैट का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाकर देखा तो कलरी देवी मृत अवस्था में पड़ी थीं। उनके गले पर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था।
प्रारंभिक आशंका है कि लूटपाट के बाद महिला की हत्या की गई। कलरी देवी की चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनका मूक-बधिर बेटा सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है।
घटना की सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
