नयी दिल्ली 06 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों को धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान धन्वंतरि का आशीर्वाद लेते हुए हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी संदेश में आशा व्यक्त की कि भगवान धन्वंतरि की दिव्य कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और अच्छा स्वास्थ्य बना रहे। उन्होंने यह भी कामना की कि प्रत्येक परिवार में उत्साह और आनंद का दीपक हमेशा जलता रहे।
श्री मोदी ने कहा, “मेरे सभी देशवासियों को धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान धन्वंतरि की दिव्य कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य का प्रकाश हमेशा बना रहे। हर परिवार में उत्साह और आनंद का दीपक सदैव जलता रहे।”
उन्होंने त्योहार की शुभकामनाओं के साथ भगवान धन्वंतरि को समर्पित एक संस्कृत प्रार्थना भी साझा की। हिंदू परंपरा में भगवान धन्वंतरि को दिव्य वैद्य तथा आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है। ‘नमामि धन्वन्तरिमादिदेवम्’ से शुरू होने वाली इस प्रार्थना में भगवान धन्वंतरि को देवताओं और असुरों द्वारा पूजित आदि देव बताया गया है। इसमें उन्हें रोग, बुढ़ापे और मृत्यु के भय से मुक्ति दिलाने वाले उपचारों का दिव्य स्रोत बताया गया है।
गौरतलब है कि धनतेरस, जिसे धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है, पांच दिवसीय दीपावली उत्सव की शुरुआत का प्रतीक है। यह त्योहार हिंदू कैलेंडर के कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। यह पर्व परंपरागत रूप से धन, समृद्धि और खुशहाली से जुड़ा है।
इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि की पूजा करना विशेष शुभ माना जाता है। वहीं, सोना, चांदी, बर्तन और अन्य कीमती वस्तुएं खरीदने की भी पुरानी परंपरा है।
Next Post
सिंगरौली में 5.60 लाख की हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार, 56 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
Fri Nov 6 , 2026
सिंगरौली। बाघाडीह गांव में बरगवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला […]

You May Like
-
1 month ago
कच्चे तेल में तेजी से रुपया 11 पैसे लुढ़का
