भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गदर पार्टी के संस्थापक लाला हरदयाल की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाला हरदयाल ने देश की आजादी के लिए युवाओं में स्वाभिमान, संगठन और बलिदान की ज्योति प्रज्वलित की। उनका जीवन समर्पण, त्याग और राष्ट्रप्रेम का अद्वितीय उदाहरण है। डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाला हरदयाल ने युवाओं को संगठित कर ब्रिटिश शासन के खिलाफ जागरूकता और संघर्ष की भावना पैदा की, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
उन्होंने उनके आत्मबल, दृढ़ संकल्प और देशभक्ति को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारियों के आदर्श हमें सदैव राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
इसी अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें राष्ट्र की सुरक्षा, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नागरिकों से आह्वान किया कि वे देश और समाज की सुरक्षा के प्रति सजग रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
