सतना :देर रात सडक़ दुर्घटना में युवक की मौत हो जाने के बाद गुरुवार की सुबह से ही परिजन पोस्टमार्टम का इंतजार कर रहे थे. लेकिन भूखे-प्यासे घंटों इंतजार करने के बावजूद भी जब पीएम नहीं हुआ तो वे आक्रोशित होकर नारेबाजी करने लगे.प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपथ वन गमन मार्ग पर कुंदहरी गांव के निकट एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जबरदस्त ठोकर मार दी. जिसके चलते बाइक सवार अजीत चौधरी उम्र 26 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती उत्तरी दरवाजा मैहर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मृतक के शव को उचेहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में रखवा दिया गया.
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए. गुरुवार की सुबह से ही परिजन पोस्टमार्टम का इंतजार करने लगे. लेकिन दोपहर होने के बावजूद भी चिकित्सक वहां पर पीएम करने के लिए नहीं पहुंचे. बताया गया कि खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए के राय के अवकाश पर होने के कारण देरी हो रही है. जिसके चलते परिजनों का आक्रोश भडक़ गया और उन्होंने नारेबाजी शुरु कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वैकल्पिक तौर पर चिकित्सक को मौके पर भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया. जिसके बाद परिजन मृतक के शव को अपने साथ ले गए
