सतना: हत्या के मामले में करीब 14 महीने बाद जमानत पर जेल से बाहर आए एक आरोपी को रसूख दिखाना भारी पड़ गया। जेल से छूटने के बाद आरोपी ने गाड़ियों के काफिले और बाइक रैली के साथ जमकर शक्ति प्रदर्शन किया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जुलूस निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में करीब 14 महीने से जेल में बंद था। बुधवार को वह जमानत पर जेल से बाहर आया। जेल से बाहर आने पर समर्थकों ने उसका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद बेटू एक बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए निकला। वहीं, समर्थकों ने शहर में बाइक रैली और वाहनों का काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। यह वीडियो बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई कोलगवां थाना पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपी बेटू सिंगरौल के साथ अंकित रजक, श्रीकांत शुक्ला और शिवम यादव उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल थाने तक चलवाया।
ढीले हो गए तेवर
जिन आरोपियों ने रात में शहर की सड़कों पर रसूखदारों की तरह जश्न मनाया था, गुरुवार दोपहर कोलगवां थाना पुलिस ने उनकी हेकड़ी निकाल दी। पैदल मार्च के दौरान आरोपियों के तेवर पूरी तरह ढीले नजर आए। वे रास्ते भर कान पकड़े हुए चलते दिखाई दिए और पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। आरोपियों ने कहा कि आज के बाद लोगों को डराने-धमकाने के लिए कोई जुलूस नहीं निकालेंगे और ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेंगे।
