चंद्रिका द्विवेदी को कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ की कमान, ठप पड़े सहकारी आंदोलन को फिर सक्रिय करने की चुनौती

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन ने सहकारिता क्षेत्र में अनुभवी नेता चंद्रिका द्विवेदी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने उनके लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव पर भरोसा जताया है। उनकी नियुक्ति को सहकारिता क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

इस नियुक्ति में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को महत्व दिया गया है। वहीं, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की भूमिका भी अहम मानी जा रही है।

चंद्रिका द्विवेदी का कांग्रेस संगठन और सहकारिता क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। उनका राजनीतिक सफर वरिष्ठ सहकारिता नेता सुभाष यादव के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के साथ भी संगठनात्मक काम किया। वे कांग्रेस महासचिव और प्रदेश संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

सहकारिता क्षेत्र में उन्होंने मार्केटिंग फेडरेशन भोपाल, राज्य सहकारी अपेक्स बैंक और हाउसिंग फेडरेशन में डायरेक्टर के रूप में काम किया है। इसके अलावा उपभोक्ता संघ भोपाल में डायरेक्टर और अध्यक्ष तथा स्टेट एपेक्स बैंक और जिला भूमि विकास बैंक में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

सहकारिता क्षेत्र के अध्ययन के लिए वे हांगकांग, जापान, इंडोनेशिया, थाईलैंड और सिंगापुर की यात्रा भी कर चुके हैं।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनकी प्राथमिकता पिछले करीब 15 वर्षों से ठप पड़ी प्राथमिक सहकारी समितियों और सहकारी आंदोलन को दोबारा मजबूत करना होगा। उनका मानना है कि सहकारिता आम जनता, किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, जिसे राजनीति से ऊपर उठकर सक्रिय करने की जरूरत है।

Next Post

सिंगरौली जिला अस्पताल में गंदगी देख भड़के कलेक्टर, सफाई सुधारने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम

Thu Nov 5 , 2026
सिंगरौली। नवागत कलेक्टर अंकित अस्थाना ने गुरुवार को जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कॉमन एरिया में खराब सफाई व्यवस्था देखकर कलेक्टर नाराज हो गए। उन्होंने सिविल सर्जन को सफाई ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी करने और एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश […]

You May Like