14 दिन बाद टूटी सफाई कर्मियों की हड़ताल, शहर में फिर शुरू हुआ स्वच्छता अभियान

चंदेरी। नगर के सफाई कर्मियों की 14 दिनों से चल रही हड़ताल समाप्त हो गई है। हसोल कार्यालय में एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी, तहसीलदार दिलीप दरोगा, सीएमओ प्रदीप शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष कोली, उपाध्यक्ष राजीव सिहारे, पार्षद राहुल शेषा और बाहूबली कठाया की मौजूदगी में सफाई कर्मचारियों के साथ वार्ता हुई। सोहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस बैठक में सभी मांगों पर सहमति बनी और हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया गया।

हड़ताल समाप्त होने के बाद सफाई कर्मचारी दोपहर से ही काम पर लौट आए और विश्वास दिलाया कि पिछले 14 दिनों से रुका सफाई कार्य अगले दो दिनों में पूरा कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई थी। जगह-जगह कचरे के ढेर, सड़कों और गलियों में गंदगी का अंबार लग गया था। हालांकि नगर पालिका ने वैकल्पिक इंतजाम किए, लेकिन उससे ज्यादा लाभ नहीं मिल सका।

सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रूपेश भावरी ने बताया कि बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण करने का लिखित और मौखिक आश्वासन दिया है। इसके बाद कर्मचारियों ने काम बंद हड़ताल समाप्त कर ड्यूटी पर लौटने का फैसला लिया।

एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी ने कहा कि सफाई कर्मियों की सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई है और नगर पालिका प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है।

Next Post

कंबल व चादर चोरी करते पकड़ा गया युवक 

Fri Sep 12 , 2025
जबलपुर। हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) से चलकर जबलपुर आने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस में आज शुक्रवार 12 सितम्बर की सुबह कोच अटेडेंट व टीटीई ने एक युवक को कंबल व चादर चोरी कर अपने बैग में रखते हुए रंगे हाथों पकड़ा। युवक दिल्ली से सिहोरा की यात्रा कर रहा था। ट्रेन में […]

You May Like