
जबलपुर। हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) से चलकर जबलपुर आने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस में आज शुक्रवार 12 सितम्बर की सुबह कोच अटेडेंट व टीटीई ने एक युवक को कंबल व चादर चोरी कर अपने बैग में रखते हुए रंगे हाथों पकड़ा। युवक दिल्ली से सिहोरा की यात्रा कर रहा था। ट्रेन में रेल संपत्ति (चादर व कंबल) की चोरी की यह दो दिन में लगातार दूसरी घटना है। बता दे कि गुरुवार 11 सितम्बर को सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस के बी4 कोच की 44 नंबर सीट पर अहमदाबाद से जबलपुर की यात्रा कर रही एक महिला 16 चादर व 1 कंबल चोरी करते पकड़ी गई थी। इस घटना के पूरे 20 घंटे बाद ही दूसरी घटना गाड़ी संख्या 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस में आज सुबह कटनी-जबलपुर के बीच सामने आयी है, जहां एम1 में यात्रा कर रहा एक युवक अपने बैग में 4 चादर व 1 कंबल चोरी कर अपने बैग में रखता पकड़ा गया। कोच अटेंडेंट व टीटीई ने उसे पकड़ा तो वह गिड़गिड़ाने लगा और माफ करने की बात कहने लगा, किंतु रेलवे स्टाफ ने उसे जबलपुर में आरपीएफ को सौंपने की बात कही।
