
रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को निर्धारित समय से देरी से सैलाना पहुंचे। हेलीपैड पर पहुंचने के बाद वे सीधे समीपस्थ ग्राम करिया रवाना हुए, जहां उन्होंने अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया और किसानों से चर्चा की।
सैलाना हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में बने हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का जिला कलेक्टर राजेश बाथम, एसपी अमित कुमार, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, पूर्व विधायक संगीता चारेल और दिलीप मकवाना सहित कई जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
करिया गांव में किसान चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है। पटवारी व राजस्व अमला खराब फसलों का सर्वे कर रहा है और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य शीघ्र निपटा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि समय रहते किसानों को राहत मिल सके।
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव सैलाना के बावड़ी मोहल्ला पहुंचे और हाल ही में उज्जैन में सड़क हादसे में दिवंगत हुए सब-इंस्पेक्टर मदनलाल निनामा के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने निनामा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोक संवेदना प्रकट की और परिजनों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार परिवार को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करेगी।
इस अवसर पर पूर्व परिषद अध्यक्ष क्रांति जोशी, परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, अनुकूल सोनी, नारायण मैड़ा सहित जिला प्रशासन का अमला मौजूद रहा।
