
नयी दिल्ली, 14 सितंबर (वार्ता) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों को तेज और बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए अपनी 1033 हेल्पलाइन को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), वास्तविक समय लोकेशन ट्रैकिंग और स्मार्ट आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली से उन्नत करेगा। एनएचएआई की 24 घंटे उपलब्ध 1033 हेल्पलाइन 2018 में शुरू की गयी थी और वर्तमान में यह एक लाख 46 हजार किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों को कवर करती है तथा प्रतिदिन करीब 15 हजार कॉल प्राप्त करती है। इसके माध्यम से चिकित्सा आपात स्थिति, वाहन खराब होने, एंबुलेंस, क्रेन और गश्ती वाहनों की सहायता तथा टोल प्लाजा एवं फास्टैग संबंधी समस्याओं में मदद दी जाती है।
नयी प्रणाली में कॉल करने वाले की वास्तविक समय में लोकेशन की पहचान, विभिन्न भारतीय भाषाओं में एआई आधारित सहायता और जरूरत के अनुसार एंबुलेंस, क्रेन या गश्ती वाहन भेजने की सुविधा होगी। आपात स्थिति में मानवीय निर्णय और हस्तक्षेप के लिए मानव ऑपरेटर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। एनएचएआई की प्रवर्तित कंपनी इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड ने नेक्स्ट जेनरेशन 1033 हेल्पलाइन और कॉल सेंटर के विकास, संचालन तथा रखरखाव के लिए कंपनियों और समूहों से रुचि पत्र आमंत्रित किया है।
