
जबलपुर। हिंदी दिवस के अवसर पर जबलपुर रेल मंडल के कार्यालयों और स्टेशनों पर राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की शपथ दिलाई गई। मंडल कार्यालय में राजभाषा अधिकारी गुन्नार सिंह ने रेलकर्मियों को सरकारी कामकाज हिंदी में करने का संकल्प दिलाया और महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे के हिंदी दिवस संदेश का वाचन किया। इस दौरान राजभाषा मास-2026 के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में भी हिंदी दिवस मनाया गया। रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। वक्ताओं ने हिंदी के महत्व, प्रचार-प्रसार और दैनिक जीवन से लेकर कार्यस्थल तक इसके अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में हर वर्ष हिंदी दिवस मनाया जाता है।
