नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि सरकार ने 100 दिनों में 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए हैं और यह एक बड़ी उपलब्धि है।
श्री सिरसा ने राजौरी गार्डन में आरोग्य मंदिर का उद्घाटन करने के बाद कहा, “नई सरकार के केवल 100 दिनों में 33 केंद्र खोलना एक बड़ी उपलब्धि है। हर दिल्लीवासी को इन केंद्रों का दौरा करना चाहिए और देखना चाहिए कि यहां किस तरह की विश्वस्तरीय सुविधाएं, अच्छी दवाइयां और अनुभवी डॉक्टर मौजूद हैं। ये आयुष्मान केंद्र किसी निजी अस्पताल से कम नहीं हैं।”
उन्होंने कहा,“हमारे आरोग्य मंदिर पिछली सरकार के कंटेनर क्लीनिक जैसे नही हैं। यही फर्क है हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि का कि हम सोच, योजना और नतीजों, तीनों में उनसे अलग हैं। आने वाले समय में सैकड़ों ऐसे आयुष्मान केंद्र खोले जाएंगे जो दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होंगे।”
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के सपने को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है।
उन्होंने कहा सरकार ने अगले कुछ महीनों में सैकड़ों और आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने की योजना बनाई है ताकि हर नागरिक को घर के पास बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।
