ग्वालियर: पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की ओर से लगातार प्रदर्शन किए जा रहे थे। सरकार के साथ वार्तालाप विफल रहने के बाद अब आज मंगलवार को एक दिवसीय हड़ताल की गई है। इस बैंक हड़ताल में ग्वालियर अंचल के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, निजी क्षेत्र के बैंक, विदेशी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं। इसके चलते सभी बैंकों में ताले लटके पड़े हैं और ग्राहक परेशान हो रहे हैं। मंगलवार को सुबह महाराज बाड़ा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने बैंककर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन जताया।
शनिवार से मंगलवार तक लगातार चार दिन बैंक बंद
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स मध्य प्रदेश के कॉर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बारहवें द्विपक्षीय वेतन पुनरीक्षण के समय ही आइबीए ने इस मांग पर सैद्धांतिक सहमति जताई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया। इसके चलते सभी बैंक कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं। बैंक हड़ताल से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल से पहले 24 जनवरी को चौथा शनिवार, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का अवकाश होने के कारण जनवरी के अंतिम सप्ताह में लगातार चार दिन से बैंक बंद हैं।
