
सिवनी मालवा। सिवनी मालवा में प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य का क्षेत्र में तेजी से संचालन किया जा रहा है।
इसी क्रम में एसडीएम (राजस्व) विजय राय ने क्षेत्र का सघन दौरा कर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों एवं ग्रामों में घर-घर पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने HLO ऐप के माध्यम से प्रगणकों की उपस्थिति में सूचीकरण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए कार्य की बारीकी से समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान एसडीएम विजय राय ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण और समयबद्ध प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक मकान का नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए तथा परिवार से संबंधित सभी जानकारी पूरी शुद्धता और सावधानी के साथ दर्ज की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार या मकान सूचीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी घरों तक पहुंच सुनिश्चित कर सटीक जानकारी संकलित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आम नागरिकों से संवाद कर जनगणना कार्य में सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज या ओटीपी की आवश्यकता नहीं होती है। साथ ही नागरिकों से सतर्क रहने और सही जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारी, राजस्व विभाग कर्मचारी, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थे।
