भोपाल: राजधानी में रसोई गैस सिलेंडर की समस्या से जनता को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है साथ ही कालाबाजारी को लेकर भी छापेमारी की जा रही है. इस क्रम में जिला आपूर्ति विभाग ने नेहरू नगर में श्रेष्ठ सेल्स सर्विस पर छापा मार कार्रवाई की. इस दौरान दुकान बंद मिली. दुकान का संचालक सोनू विश्वकर्मा का फोन बंद मिला. ऐसे में प्रशासन की टीम ने दुकान को सील कर दिया. इसके बाद फिर से संचालक सोनू से संपर्क किया.
बात होने पर दुकान की सील तोड़ी गई. शटर खोले गए मौके पर दुकान में 6 छह घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए. जिसमें से दो सिलेंडर में गैस भरी पाई गई, मौके पर अवैध गैस अंतरण बंसी और तौल कांटा भी पाया गया. जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि संचालक सोनू द्वारा गैस चूल्हा विक्रय और रिपेयर की आ? में अवैध गैस का अंतरण भी करना स्वीकारा गया है. अवैध गैस भंडारण और गैस का अंतरण पाए जाने के कारण सिलेंडरों सहित अन्य सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई की गई. कार्रवाई में सहायक आपूर्ति अधिकारी संदीप भार्गव, सुनील वर्मा, तृणाल जांभोलकर और वसुंधरा पेंड्रो, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मयंक द्विवेदी शामिल रहे.
