
ब्यावरा। जिले के बोड़ा में बुधवार सुबह एक कार चालक की लापरवाही ने 48 वर्षीय अतिथि शिक्षक की जान ले ली. सडक़ किनारे खड़ी कार का गेट अचानक खुलने से पीछे से बाइक पर आ रहे रामबाबू वर्मा उससे टकराकर सडक़ पर गिर पड़े. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उन्हें रौंदते हुए निकल गया. जिससे उनकी मौत हो गई.
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बोड़ा थाना क्षेत्र के लसूडय़िा जागीर गांव निवासी 48 वर्षीय रामबाबू वर्मा कुरावर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोरखेड़ा में साल 2007 से अतिथि शिक्षक के पद पर पदस्थ थे. वे रोज की तरह बुधवार सुबह भी अपनी बाइक से करीब 40 किलोमीटर दूर स्कूल के लिए निकले थे. सुबह करीब पौने दस बजे जब वे बोड़ा शहर में बिजली ग्रिड के सामने से गुजर रहे थे तभी सडक़ किनारे खड़ी सफेद रंग की कार के ड्राइवर ने बिना पीछे देखे अचानक गेट खोल दिया. अचानक गेट खुलने से रामबाबू की बाइक उससे टकरा गई और वे अनियंत्रित होकर सडक़ पर गिर पड़े. ठीक उसी पल सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया. आसपास मौजूद लोग तुरंत उन्हें उठाकर बोड़ा अस्पताल ले गए.जहांं उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
रामबाबू वर्मा कुरावर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोरखेड़ा में पढ़ाते थे.दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया, जिसके बाद लसूडय़िा जागीर गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया. मृतक अपने पीछे पत्नी और 19 व 18 साल के दो बेटों को छोड़ गए हैं. घटना के बाद से ही परिवार में मातम छाया हुआ है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
