सीएम राइज स्कूल में सुरक्षा नियमों को ताक पर रख कराया था काम, प्रोजेक्टर मैनेजर पर एफआईआर दर्ज

जबलपुर । अधारताल थाना अंतर्गत मिल्क स्कीम स्थित सीएम राइज स्कूल बिल्डिंग में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बिना सेफ्टी नेट और बेल्ट, हेलमेट के मजदूरों से काम कराने से तीसरी मंजिल से गिरकर मजदूर की जान गई थी। मर्ग जांच में खुलासा हुआ कि देव आकर्षण इन्फ्रा कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुजीत विश्वकर्मा ने हादसे के बाद साक्ष्य छुपाने मौके पर हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट लाकर रखा था । अब पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है ।

पुलिस के अनुसार, मूलत: जिला दमोह, मौहाटा निवासी पहारी अहिरवाल पिता बल्ली अहिरवाल (53) का 17 अक्टूबर को अधारताल स्थित सीएम राइज स्कूल मिल्क स्कीम की नवनिर्मित बिल्डिंग में मजदूरी का काम कर रहा था। निर्माण कार्य के दौरान वे तीसरी मंजिल की दीवार की जुड़ाई कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगडऩे से वे ऊंचाई से सीधे नीचे आ गिरा। जिसे उपचार के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

गवाहों के बयानों से उठा साजिश का पर्दा-

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच का दायरा बढ़ाया। घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। प्रोजेक्ट मैनेजर सुजीत विश्वकर्मा ने खुद को बचाने के लिए मौके से एक पीले रंग का हेलमेट और एक सेफ्टी बेल्ट पुलिस के समक्ष पेश कर जप्त करवाया। हालांकि, गवाहों के बयानों ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। मामले के मुख्य गवाह लख्खू अहिरवाल, अच्छेलाल अहिरवाल, कमल अहिरवाल, मानक अहिरवाल अन्य नेे पुलिस को दिए अपने बयानों में साफ तौर पर बताया कि कंपनी व प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा मृतक को काम करते समय कोई भी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया था। मजदूर के ऊंचाई से नीचे गिरने के बाद, कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आनन-फानन में हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट लाकर मौके पर रख दिया गया था, ताकि इसे महज एक दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

न सुरक्षा जाल मिला, न मजदूरों के पास बेल्ट

पुलिस टीम ने जब कार्यस्थल का सत्यापन किया, तो वहां सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त पाई गई। जिस तीसरी मंजिल पर दीवार की जुड़ाई का अत्यधिक जोखिम भरा काम चल रहा था, उसके आसपास कोई सेफ्टी नेट नहीं लगाया गया था, जो ऐसे निर्माण कार्यों में अनिवार्य होता है। इसके अलावा, वहां काम कर रहे अन्य मजदूर भी बिना किसी सेफ्टी बेल्ट या सुरक्षा इंतजामों के जान जोखिम में डालकर काम करते पाए गए।

कंपनी के आदेशों की भी उड़ाई धज्जियां

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि देव आकर्षण इन्फ्रा कंपनी द्वारा सुजीत विश्वकर्मा को 16 मई 2026 को इस साइट का प्रोजेक्ट मैनेजर नियुक्त किया गया था। कंपनी ने बकायदा लिखित निर्देशों में उन्हें कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आवश्यक उपकरण देने और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बावजूद प्रोजेक्ट मैनेजर ने निर्देशों की अवहेलना की और बिना सुरक्षा इंतजामों के मजदूरों से काम कराया। संपूर्ण मर्ग जांच के बाद प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है ।

Next Post

कार का गेट खुला, बाईक सवार टीचर गिरा, कुचलने से मौत

Wed Nov 4 , 2026
ब्यावरा। जिले के बोड़ा में बुधवार सुबह एक कार चालक की लापरवाही ने 48 वर्षीय अतिथि शिक्षक की जान ले ली. सडक़ किनारे खड़ी कार का गेट अचानक खुलने से पीछे से बाइक पर आ रहे रामबाबू वर्मा उससे टकराकर सडक़ पर गिर पड़े. इसी दौरान सामने से आ रही […]

You May Like