भारतीय जीवन बीमा उद्योग: 2026 की नई तस्वीर

विभा पाडलकर, MD और CEO, HDFC Life द्वारा लिखित

भारतीय जीवन बीमा उद्योग लगातार मजबूती और तेजी दिखा रहा है। इसके पीछे सक्रिय रेगुलेटरी वातावरण और उपभोक्ताओं की मांग प्रमुख कारण हैं। 2025 में प्राइवेट क्षेत्र ने 10% की ग्रोथ हासिल की। यह दर्शाता है कि यह क्षेत्र बदलती ग्राहकों की उम्मीदों और बाजार की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने में सक्षम है।

2000 से पहले के दौर और अब प्राइवेट कंपनियों के लिए क्षेत्र के खुलने तक बीमा उद्योग एक बड़े बदलाव से गुजरा है। निजीकरण के 25 वर्षों ने इस क्षेत्र की पूरी तस्वीर बदल दी है। आज 24 प्राइवेट जीवन बीमा कंपनियां और एलआईसी, भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) की निगरानी में काम कर रही हैं। इनके पास मल्टी-चैनल वितरण सिस्टम है। इसमें एजेंसी नेटवर्क, बैंकएश्योरेंस साझेदारियां, ब्रोकर्स, कॉरपोरेट एजेंट, डॉयरेक्ट डिस्ट्रीब्यूशन और तेजी से बढ़ते डिजिटल चैनल शामिल हैं।

पांच निजी बीमा कंपनियां और एलआईसी तो शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। इससे जीवन बीमा उद्योग में पारदर्शिता बढ़ी है। निवेशकों की निगरानी भी बढ़ी है। 14 साझा उपक्रम ग्लोबल बीमा कंपनियों के साथ हैं। इनमें भारतीय संस्थानों की संचालन क्षमता और वितरण नेटवर्क, वैश्विक कंपनियों की उत्पाद डिजाइन, तकनीक और कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़ी बेहतर प्रोसेस के साथ मिलकर काम करते हैं। यह साझा मॉडल इस क्षेत्र की लंबी अवधि में प्रतिस्पर्धा को सशक्त कर रहा है।

युवा जनसंख्या का फायदा

भारत की आबादी की संरचना इसकी सबसे बड़ी संरचनात्मक ताकत है। भारत माध्य आयु लगभग 29 वर्ष होने के कारण भारत कम से कम 2070 तक दुनिया की सबसे युवा बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा। युवा आबादी और बढ़ती आकांक्षाएं वित्तीय सुरक्षा, दीर्घकालिक बचत और रिटायरमेंट समाधानों की मांग को बढ़ाती हैं।

आर्थिक संकेतक भी इस उम्मीद को मजबूती देते हैं। भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी 2022 के 2400 डॉलर से 2032 तक दोगुना होकर लगभग 4300 डॉलर हो सकता है। इससे लोगों की खर्च योग्य आय और खपत बढ़ेगी।

मध्यम आय वाले परिवारों की संख्या 2020 में लगभग 9.1 करोड़ थी, जो 2030 तक बढ़कर 16.5 करोड़ होने की उम्मीद है। यह वर्ग पारंपरिक रूप से जीवन बीमा का मुख्य ग्राहक आधार रहा है। अब यह वर्ग वित्तीय सुरक्षा, निश्चित रिटर्न और एसेट निर्माण के साधनों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहा है।

आर्थिक प्रगति के बावजूद भारत दुनिया के सबसे कम बीमित देशों में से एक है। जीवन बीमा की पहुंच केवल 2.8% आबादी तक है। यह वैश्विक औसत से काफी कम है। बीमा घनत्व भी लगभग 70 डॉलर ही है। सुरक्षा का अंतर यानी प्रोटेक्शन गैप लगभग 91% आंका गया है। यह एशिया में सबसे अधिक है।

जैसे-जैसे वित्तीय साक्षरता बढ़ेगी। लोग असंगठित बचत से औपचारिक वित्तीय साधनों की ओर बढ़ेंगे। इससे भारत में बीमा क्षेत्र के लिए कई दशकों तक वृद्धि के अवसर मौजूद रहेंगे।

भारत का पेंशन बाजार भी काफी कम विकसित है। यह जीडीपी का केवल लगभग 3% है। यह वैश्विक औसत से काफी कम है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के अनुसार भारत में रिटायरमेंट बचत का अंतर हर साल लगभग 10% की दर से बढ़ेगा, यदि सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो 2050 तक यह लगभग 96 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।

नियामकीय सहारा

आईआरडीएआई के सुधार एजेंडा ने इस उद्योग को आधुनिक बनाने और ग्राहकों को बेहतर मूल्य देने में अहम भूमिका निभाई है। हाल के कई कदम यह दिखाते हैं कि पहुंच, किफायतीपन और पारदर्शिता बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। सरेंडर वैल्यू के संशोधित नियमों के तहत अब ग्राहक केवल एक वर्ष प्रीमियम भुगतान के बाद भी सरेंडर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इससे पॉलिसीधारकों को अधिक लचीलापन और भरोसा मिलता है। कुछ जीवन बीमा प्रीमियम पर जीएसटी हटाना एक बड़ा सुधार माना जा रहा है। इससे सुरक्षा उत्पादों, विशेष रूप से टर्म इंश्योरेंस और एन्युटी, की लागत कम होगी।

कम आय वर्ग तक सुरक्षा पहुंचाने में एक बड़ा उत्प्रेरक प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) रही है। यह भारत सरकार की कम लागत वाली टर्म बीमा योजना है।

आईआरडीआई के “2047 तक सभी के लिए बीमा” मिशन के प्रमुख स्तंभों में बीमा विस्तार (बीमा विस्तार) और बीमा वाहक (बीमा वाहक) पहल शामिल हैं। बीमा विस्तार एक व्यापक सुरक्षा पैकेज है। यह बीमा वाहक स्थानीय महिला उद्यमियों के माध्यम से अंतिम छोर तक बीमा पहुंचाने की पहल है। इनका उद्देश्य अर्ध्द-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बीमा की पहुंच बढ़ाना है।

तकनीक से विकास

डिजिटल परिवर्तन अब केवल सहायक साधन नहीं रहा। बल्कि विकास का प्रमुख इंजन बन गया है। बीमा कंपनियां पूरी वैल्यू चेन में तकनीक का उपयोग कर रही हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) और मशीन लर्निंग अंडरराइटिंग प्रक्रिया को बदल रही हैं। इससे जोखिम का बेहतर आकलन करते हुए तेजी से निर्णय लेना संभव हो रहा है। एडवांस एनालिटिक्स कंपनियों को ग्राहकों की जरूरतों का अनुमान लगाने, उत्पादों की व्यक्तिगत सिफारिश करने और क्रॉस सेल तथा अप सेल के अवसर बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।

मोबाइल ऐप, व्हाट्सऐप सर्विस बॉट और ग्राहक पोर्टल जैसे डिजिटल सेल्फ सर्विस प्लेटफॉर्म ग्राहकों को सहज सेवा दे रहे हैं। इनके माध्यम से सवालों के जवाब, प्रीमियम नवीनीकरण और क्लेम प्रक्रिया अधिक तेज और सरल हो गई है।
ऑटोमेशन और स्ट्रेट थ्रू प्रोसेसिंग (एसटीपी) से संचालन दक्षता बढ़ रही है। लागत कम हो रही है। इससे कंपनियां जिम्मेदारी के साथ बड़े पैमाने पर विस्तार कर पा रही हैं। जैसे-जैसे ग्राहक बिना रुकावट और तुरंत सेवाओं की उम्मीद करने लगे हैं, तकनीक भविष्य की वृद्धि में और अधिक केंद्रीय भूमिका निभाएगी।

ग्राहकों के अनुसार उत्पाद

भारतीय जीवन बीमा उद्योग अब ग्राहकों की जरूरतों पर अधिक ध्यान दे रहा है। कंपनियां सुरक्षा, बचत, रिटायरमेंट और स्वास्थ्य से जुड़े समाधान दे रही हैं। लगातार उत्पाद नवाचार ग्राहकों की दीर्घकालिक वित्तीय जरूरतों को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं।

घरेलू बचत के वित्तीयकरण की गति बढ़ने के साथ जीवन बीमा कंपनियां गारंटीड सेविंग्स, यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (यूलिप) और एंडोमेंट प्लान जैसे उत्पादों के माध्यम से दीर्घकालिक, कर-कुशल और अनुशासित बचत समाधान उपलब्ध करा रही हैं।

ग्रुप इंश्योरेंस उत्पाद बड़े पैमाने पर किफायती सुरक्षा देने का प्रभावी तरीका बनकर उभरे हैं। जोखिम के साझा वितरण और सरल अंडरराइटिंग के कारण ये उत्पाद वेतनभोगी कर्मचारियों, छोटे और मध्यम उद्यमों, असंगठित क्षेत्र और विभिन्न समूहों के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं।

ग्रुप क्रेडिट लाइफ बीमा कर्जदाताओं और कर्ज लेने वाले दोनों की सुरक्षा करता है, क्योंकि यह बकाया कर्ज राशि को कवर करता है।

2026 और आगे के उभरते रुझान

अगले पांच वर्षों में भारत जी-20 देशों के बीच सबसे तेजी से बढ़ने वाला बीमा बाजार बनने की संभावना है। “स्विस री’ के अनुसार जीवन बीमा प्रीमियम में लगभग 7% वार्षिक वृद्धि का अनुमान है। मजबूत आर्थिक आधार, डिजिटल अपनाने की गति, उत्पाद नवाचार और प्रगतिशील नियामकीय सुधार इस क्षेत्र के लिए मजबूत विकास आधार तैयार कर रहे हैं।

कुछ आने वाले सुधार उद्योग की प्रतिस्पर्धा को नई दिशा देंगे। 100% प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) से अधिक विदेशी पूंजी आएगी। इससे नवाचार बढ़ेगा और वैश्विक बीमा कंपनियां भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ा सकेंगी।
कॉम्पोजिट लाइसेंस से बीमा कंपनियां एक ही इकाई के तहत जीवन, सामान्य और स्वास्थ्य बीमा उत्पाद दे सकेंगी। इससे विविधीकरण और विस्तार के अवसर बढ़ेंगे।

साथ ही आईएफआरएस-17, जोखिम आधारित पूंजी (आरबीसी) और जोखिम आधारित सॉल्वेंसी (आरबीएस) ढांचे को अपनाने से भारत वैश्विक मानकों के अनुरूप होगा। इससे बैलेंस शीट की पारदर्शिता बढ़ेगी और निवेशकों का भरोसा मजबूत होगा।

इन सभी कदमों से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, नवाचार तेज होगा और पूरे क्षेत्र की स्थिरता मजबूत होगी।

निष्कर्ष

2026 की ओर बढ़ते हुए तस्वीर साफ है। भारत में जीवन बीमा उद्योग एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। यह दौर व्यापक समावेशन, बेहतर ग्राहक अनुभव और भविष्य के लिए तैयार नियामकीय ढांचे से परिभाषित होगा। अपनी आबादी के लाभ और मजबूत संस्थागत क्षमता के साथ भारत दुनिया के सबसे गतिशील और मजबूत जीवन बीमा बाजारों में से एक बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Next Post

पश्चिम एशिया के कारण उपजे संकट का मिलकर करना है मुकाबला : मोदी

Mon Mar 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट को गम्भीर चिंता का विषय बताते हुए सोमवार को कहा कि कच्चे तेल एवं गैस की जरुरतों का बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र से पूरा होता है इसलिए भारत पर इसका असर स्वभाविक है लेकिन इस चुनौती का मिलकर […]

You May Like