जेल अधीक्षक को ब्लैकमेल करने की साजिश

ग्वालियर:केंद्रीय जेल के अधीक्षक विदित सिरवैया को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए की रंगदारी मांगने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर बदमाश ने विदेशी नंबर का इस्तेमाल कर जेल अधीक्षक को व्हाट्सएप पर फर्जी (एडिटेड) वीडियो भेजे हैं। आरोपी ने धमकी दी है कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वह इन वीडियो को उनके वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर उन्हें बदनाम कर देगा।
​मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधीक्षक ने पहले एसपी से मुलाकात की और फिर रविवार को बहोड़ापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
​7 जून को आया था धमकी भरा पहला कॉल
​बहोड़ापुर पुलिस के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम 7 जून का है। दोपहर करीब 12:40 बजे जेल अधीक्षक विदित सिरवैया के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया। कॉलर ने दावा किया कि उसके पास जेल के अंदर के कई आपत्तिजनक वीडियो हैं। उसने धमकी देते हुए कहा कि अगर उसे लाखों रुपए नहीं दिए गए, तो वह ये क्लिप्स उनके सीनियर अफसरों को भेज देगा।
​इसके बाद बदमाश ने लगातार कई बार फोन और व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज भेजकर रुपयों की डिमांड की। मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर जेल अधीक्षक ने 8 जून को ग्वालियर एसपी को पूरी बात बताई, जिसके बाद पुलिस एक्शन में आई।
​जांच में जुटी साइबर सेल, ‘प्लस 1’ कोड वाले नंबर का इस्तेमाल
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस नंबर से कॉल और मैसेज आए हैं, उसका कंट्री कोड +1 (अमेरिका) है। पुलिस को आशंका है कि किसी शातिर गिरोह ने रंगदारी वसूलने के लिए (इंटरनेट कॉलिंग) या किसी फर्जी वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल किया है। पुलिस का यह भी मानना है कि भेजे गए वीडियो पूरी तरह एडिटेड और फेक हैं। फिलहाल मामले की तकनीकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है, जो नंबर और व्हाट्सएप चैट की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

​इनका कहना है..
​”7 जून को मेरे पास ब्लैकमेलिंग का कॉल आया था, जिसके बाद कुछ वीडियो भी भेजे गए। मैंने तुरंत एसपी ग्वालियर को इस पूरी घटना से अवगत कराया। अब वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बहोड़ापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है।”

विदित सरवईया, जेल अधीक्षक, ग्वालियर

Next Post

रक्तदान सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण: प्रो. सिसोदिया

Mon Jun 15 , 2026
ग्वालियर: विश्व रक्तदाता दिवस एवं यूथ पावर केयर रक्तदान सेवा समिति की 8वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को कस्तूरबा चौराहा, कंपू स्थित इमरजेंसी ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं सहित 52 लोगों ने रक्तदान कर मानव […]

You May Like