नयी दिल्ली, 17 जनवरी (वार्ता) भारतीय विमानन क्षेत्र की ताकत दिखाने वाले सालाना आयोजन विंग्स इंडिया 2026 में वायु सेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम भी अपने करतब दिखायेगी। विंग्स इंडिया नागर विमानन क्षेत्र का एशिया का सबसे बड़ा आयोजन है। इस साल इसका आयोजन हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर 28 से 31 जनवरी तक किया जा रहा है। इसका शुभारंभ नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू करेंगे। चार दिवसीय आयोजन में भारत के तेजी से बढ़ रहे विमानन क्षेत्र, इसकी बढ़ती वैश्विक मौजूदगी और विनिर्माण, सेवा, नवाचार तथा टिकाऊ विमानन समाधान के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरने की भारत आकांक्षा को प्रदर्शित किया जायेगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि विंग्स इंडिया 2026 में खड़े विमानों और उड़ते विमानों की प्रदर्शनी के साथ एयरोबेटिक एयर शो भी होंगे। महत्वपूर्ण आकर्षणों में वायु सेना की सूर्य किरण टीम का एयरोबेटिक शो भी होगा।
मंत्रालय ने बताया की चार दिन के आयोजन में वैश्विक सीईओ मंच और मंत्री स्तरीय आम बैठक के अलावा थीमों पर आधारित 13 सत्रों का भी आयोजन किया जायेगा। इन थीम में हवाई अड्डों, विमान लीजिंग, हेलीकॉप्टर, विमान सेवा कंपनियां, विमानन में महिलाएं, एमआरओ, हवाई माल परिवहन, बिजनेस एविएशन और छोटे विमान, विमानों के लिए कल-पुर्जा निर्माण, हरित विमान ईंधन, प्रशिक्षण एवं कौशल, अद्यतन हवाई यातायात और ड्रोन शामिल हैं। इसमें 20 से ज्यादा देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। एक विमानन रोजगार मेले का आयोजन होगा जो शीर्ष कंपनियों और युवा पेशेवरों को एक मंच पर लायेगा। छात्रों के लिए नागर विमानन नवाचार चुनौती का आयोजन किया जायेगा।

