
रीवा, मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा यादव एवं सदस्यों ने आज रीवा भ्रमण के दौरान वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान आयोग की टीम ने सेंटर की व्यवस्थाओं, महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली तथा आश्रय प्राप्त महिलाओं से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं. आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्यों ने सेंटर परिसर में पौधारोपण भी किया. निरीक्षण के दौरान सेंटर की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं. आयोग द्वारा महिलाओं को संकट की स्थिति में उपलब्ध कराई जा रही सहायता, परामर्श, विधिक एवं अन्य सेवाओं तथा उनके संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई.
आयोग की टीम ने सेंटर द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं सफलता की कहानियों की सराहना करते हुए स्टाफ के प्रयासों को प्रशंसनीय बताया. निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, जीवेंद्र सिंह सहायक संचालक एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी अर्पित पाठक उपस्थित रहे. वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती श्रुति मिश्रा, सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती शिवानी द्विवेदी केश्वरकर, श्रीमती सलमा खान, श्रीमती रेखा चतुर्वेदी एवं श्रीमती रेनू गौतम उपस्थित रहीं. इस अवसर पर आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, सदस्य सचिव सुरेश तोमर, विधि अधिकारी आनंद शर्मा एवं निज सचिव दीप मिश्रा सहित आयोग की टीम उपस्थित रही.
