जन विश्वास शिविर बैकुण्ठपुर में 112 आवेदनों का हुआ मौके पर निराकरण

रीवा,  सेवा संकल्प अभियान के तहत बैकुण्ठपुर नगर परिषद में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह ने किया. शिविर में आमजनता से मिले 214 आवेदन पत्रों में से 112 का मौके पर ही निराकरण किया गया. शिविर में स्वनिधि योजना, वृद्धावस्था पेंशन, संबल योजना तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया. शिविर में विधायक सिरमौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन विश्वास शिविर के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को हल करने का अवसर दिया है. यह शिविर आम जनता को शासन की सभी योजनाओं का एक ही स्थान पर लाभ देने के साथ आवेदनों का निराकरण का अवसर दे रहा है. बैकुण्ठपुर नगर पंचायत सिरमौर विधानसभा क्षेत्र का प्रवेश द्वार है. इसकी पहचान व्यापारिक केन्द्र के रूप में है.

विधायक ने कहा कि नगर के विकास के लिए इसका मास्टर प्लान बनाना आवश्यक है. नगर में साफ-सफाई तथा नाली निर्माण करके पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था आवश्यक है. नगर परिषद विशेष सफाई अभियान चलाए. नगरवासी भी बैकुण्ठपुर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें. नगर के एक मात्र कालेज के लिए भवन की आवश्यकता है. भवन के लिए राशि मंजूर हो गई है. राजस्व अधिकारी इसके लिए तत्काल उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराएं. नया भवन बनने तक कालेज की कक्षाओं के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के पुराने भवन को कालेज को आवंटित किया जाए. नगर के भूमिहीन परिवारों को आबादी भूमि के पट्टे प्रदान करें, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके.

शिविर में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जन विश्वास शिविर मुख्यमंत्री जी की उच्च प्राथमिकता का कार्यक्रम है. इसमें आम जनता से प्राप्त हर आवेदन पत्र का समुचित निराकरण किया जाएगा. शिविर में शामिल जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा अस्पताल, स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र, छात्रावास का निरीक्षण भी किया जाएगा. मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर में पर्याप्त चौड़ी और ढकी हुई नाली बनाने का प्रस्ताव तीन दिन में तैयार करके प्रस्तुत करें. नगर के स्टेडियम से जल निकासी की व्यवस्था कराएं. धारणाधिकार योजना से 105 परिवार पात्र पाए गए हैं. तहसीलदार इन्हें भू अधिकार पत्र पदान करे. कलेक्टर ने आम जनता के आवेदन पत्रों की विभागवार सुनवाई करके उनका निराकरण कराया.

उद्यम संवाद :- शिविर में उद्योग विभाग द्वारा उद्यम संवाद का आयोजन किया गया. जिला महाप्रबंधक उद्योग जेपी तिवारी ने उद्योग विभाग की स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी. उद्यम संवाद में सफल उद्यमी राइस मिल, फ्लोर मिल तथा वेयर हाउस संचालक भारतेश तिवारी तथा राइस मिल संचालक पुष्पेन्द्र सिंह ने अपने उद्यमों की सफलती की कहानी सुनाई. शिविर में एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी. शिविर में अध्यक्ष नगर परिषद श्रीमती मीना गुप्ता, तीरथ गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री बृजेन्द्र भुजवा, चन्द्रशेखर कुशवाहा, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि गण, जिला और खण्ड स्तर के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.

Next Post

भीषण सडक़ हादसा: मसीहा बने गौतम, बचाई तीन बच्चों और ड्राइवर की जान

Fri Oct 9 , 2026
महिदपुर। माधुपुरा फंटा के पास एक भयानक सडक़ हादसा हुआ है। लेकिन इस हादसे के बीच एक इंसानियत की ऐसी मिसाल सामने आई है। जिसने चार जिंदगियों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सडक़ किनारे लगे एक पेड़ से […]

You May Like