ऑपरेशन सिंदूर पर रक्षा मंत्री ने सदन को गुमराह किया, विशेषाधिकार कार्रवाई की मांग : वेणुगोपाल

नयी दिल्ली, 30 जून (वार्ता) कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा में दिए गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने सदन और देश की जनता को गुमराह किया है।

श्री वेणुगोपाल ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 में श्री सिंह ने लोकसभा में दावा किया था कि ऑपरेशन के दौरान कोई भी भारतीय सैनिक शहीद नहीं हुआ, जबकि एक वर्ष बाद स्वयं सशस्त्र बलों ने छह जवानों के शहीद होने की जानकारी दी।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि यदि छह जवान देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए, तो उनकी शहादत की जानकारी देश और संसद से क्यों छिपाई गई। उन्होंने इसे शहीद जवानों के परिवारों और भारतीय सशस्त्र बलों का गंभीर अपमान बताया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा और सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों की शहादत को छिपाना किसी भी सरकार के लिए उचित नहीं है। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार, जो स्वयं को राष्ट्रवादी बताती है, ने शहीदों के बलिदान के संबंध में सत्य नहीं बताया।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि संसदीय परंपराओं के अनुसार यदि कोई मंत्री सदन को गुमराह करता है या महत्वपूर्ण जानकारी छिपाता है, तो यह विशेषाधिकार का उल्लंघन तथा सदन की अवमानना की श्रेणी में आता है।

 

Next Post

मोरक्को ने नीदरलैंड को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराया

Tue Jun 30 , 2026
मॉन्टेरी (मेक्सिको) 30 जून (वार्ता) मोरक्को ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 के रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड को निर्धारित समय में 1-1 से बराबर रहने के बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हार दिया। इसके साथ ही मोरक्को ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। मॉन्टेरी […]

You May Like