
जबलपुर । भेड़ाघाट चौराहे पर बिना नंबर प्लेट वाले एक तेज रफ्तार बेलगाम डंपर ने बाइक सवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सहित चालक डंपर के नीचे फंस गया और डंपर करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक सिहोद निवासी सुखलाल केवट (50) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड जी4708 पर सवार होकर अपने घर से जबलपुर जाने के लिए निकले थे। वे जैसे ही भेड़ाघाट चौराहे पर पहुंचा तभी सामने से काल बनकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और डंपर करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सुखलाल बाइक समेत डंपर के नीचे बुरी तरह फंस गए वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें डंपर के नीचे से बाहर निकाला। सुखलाल को बेहद गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर के तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बिना नंबर का था डंपर, चालक फरार
घटना के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से वाहन छोडक़र फरार हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर के आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
