
जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के समीप बीती रात हॉस्टल से अपने दोस्त के घर जा रहे एक जूनियर डॉक्टर को निशाना बना सफेद एक्टिवा पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश उसका मोबाइल छीनकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मेहुल साकेत (18) मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल नंबर 4 में रहकर पढ़ाई करता है, बीती रात अपने साथी मयंक वर्मा के साथ पैदल ही मेडिकल से शास्त्रीनगर स्थित मयंक के घर जा रहा था। वे सड़क के उल्टी तरफ पैदल चल रहे थे और उसके हाथ में मोबाइल था। इसी दौरान पीछे से एक सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार होकर तीन लड़के आए। एक्टिवा के बीच में बैठे युवक ने फुर्ती से मेहुल के हाथ से मोबाइल झपटा और तीनों तेजी से शास्त्रीनगर की ओर भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से छात्र हक्का-बक्का रह गए।
