थार के पलटने पर मिली कफ सिरप की 25 शीशियां 

सीधी। जिले के कमर्जी थानांतर्गत नौगवां में हुए सड़क हादसे में पलटी थार के अंदर से पुलिस को तलाशी के दौरान ओनरेक्स कफ सिरप की 25 शीशियां मिलीं। 2 नवंबर को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार कमालुद्दीन खान की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी अनिल पटेल को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सुधाकर सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद थार पलट गई थी। उसमें सवार दो लोगों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग गया। मौके पर पहुंची कमर्जी पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसकी पहचान ग्राम दादर, थाना कमर्जी निवासी अनिल पटेल के रूप में हुई।

पुलिस को थार में ड्राइविंग सीट के नीचे रखी थैली से कफ सिरप की शीशियां मिलीं। इनमें से 21 पर कोडीन फॉस्फेट 10 एमजी लिखा था। शीशियों के रैपर और जरूरी जानकारी खुरची हुई थी। अनिल कफ सिरप से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अनिल ने बताया कि वह अपने साथी अनीत पटेल के साथ अमिलिया से एक अज्ञात व्यक्ति के पास से कफ सिरप लेकर आया था। दोनों इसे बेचने के लिए बरिगवां जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों भागे, लेकिन अनिल पकड़ा गया और अनीत फरार हो गया। पुलिस ने कफ सिरप की 25 शीशियां, करीब 15 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा थार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 15.05 लाख रुपये बताई गई है।

पहले से चल रहा था आरोपी फरार-

पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल पटेल एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पहले से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित था। थाना प्रभारी सुधाकर परिहार ने बताया कि अनिल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार अनीत पटेल और कफ सिरप देने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर रही है।

Next Post

खंडवा स्टेशन का होगा कायाकल्प, 346 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक स्टेशन

Wed Nov 4 , 2026
खंडवा। दादाजी की नगरी खंडवा रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया है। रेल विभाग अभी टिकट, बैंकिंग, रिजर्वेशन और ऑफिस की अस्थाई शिफ्टिंग की तैयारी कर रहा है। नए स्टेशन की कार्य योजना को लेकर भुसावल मंडल से गति शक्ति यूनिट के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर […]

You May Like