नीमच में तापमान 41 डिग्री पहुंचा, अगले 4 दिन लू का अलर्ट

नीमच। जिले में रविवार को सूरज ने अपने तेवर और कड़े कर लिए हैं। जिले में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन-चार दिनों तक जिले में भीषण लू यानी हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि अब रातें भी तपा रही हैं। रात के तापमान में 2 डिग्री की बढ़त हुई है, जिससे अब रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर टिका है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान और यूपी के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम की वजह से नीमच और मंदसौर में गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ेगा।

गर्मी के बीच जिले में बारिश

रविवार को तेज गर्मी के बीच नीमच में बारिश भी हुई। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, प्रदेश के ऊपर तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) एक्टिव है। वहीं, एक टर्फ भी गुजर रही है। इस वजह से कुछ हिस्सों में मौसम बदला रहा। मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल के आखिरी में बारिश के भी आसार हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा होगा।

गर्मी से बचने के लिए एडवाइजरी

गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।

मई की शुरुआत में मिल सकती है राहत

तपती धूप के बीच राहत की खबर यह है कि 29 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में बदलाव आ सकता है। अनुमान है कि मई के पहले हफ्ते में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी।

डॉक्टर की सलाह- 12 से 3 बजे तक बचें

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एम. पाटिल ने एडवाइजरी जारी की है- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के सूती कपड़े पहनें। बुजुर्गों और बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखें।

ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग

सडक़ों पर सन्नाटा पसरा है और जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे चेहरे को स्कार्फ या गमछे से ढंककर खुद को लू से बचा रहे हैं। शहर में गन्ने के रस, लस्सी और छाछ की दुकानों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। दोपहर के समय लू की वजह से बाजारों में भी ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है।

Next Post

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की दूसरी पाली में गिरा उपस्थिति का ग्राफ

Sun Apr 26 , 2026
नीमच। जिले में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को संपन्न हुई। जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच आयोजित इस परीक्षा में कुल 882 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 644 उपस्थित हुए। इस दौरान पारदर्शिता बनाए […]

You May Like