कलेक्टर का तबादला या नेताओं की जीत? सीधी में प्रशासनिक फेरबदल के बाद श्रेय लेने की जंग

सीधी : कलेक्टर के हटने पर सोशल मीडिया में श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। मुख्यमंत्री के कल सीधी के औचक निरीक्षण के दौरान सीधी कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से हटाने को लेकर स्थानीय नेताओं के समर्थकों में खुशी देखी जा रही है।बताते चलें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव रविवार को अपरान्ह सीधी में औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पनवार हवाई अड्डे में उतरा। हवाई अड्डे में ही पार्टी नेताओं का भारी जमघट स्वागत करने के लिये जमा रहा।

वहां से मुख्यमंत्री का काफिला स्थानीय सर्किट हाउस पहुंचा और वहां सीधी जिले की जमीनी स्थिति का आंकलन किया गया। सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की मुख्यमंत्री के समक्ष काफी शिकायतें हुई। जिसको मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुये सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिये। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के हटने की जानकारी रविवार की शाम सामने आते ही सोशल मीडिया में श्रेय लेने की होड़ मच गई।

चुरहट के पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी के कुछ समर्थकों द्वारा खुशी का इजहार करते हुये कार में शरदेन्दु तिवारी की प्रशंसा में गाना भी बजाया साथ ही सोशल मीडिया में भी पोस्ट किया गया कि जिला प्रशासन में पदस्थ जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा चुरहट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पोषित मानसिकता से कार्य किया जा रहा है। जिसके विरोध में 24 मार्च 2026 को आंदोलन का आयोजन भी किया गया। अब कलेक्टर के स्थानांतरण के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया।
कलेक्टर के हटने के लगाये जा रहे अलग-अलग कयास
* पूर्व चुरहट विधायक के परिवारिक सदस्य के खिलाफ रेत मामले में की गई कार्यवाही।
* डीजे प्लाजा को शासन द्वारा आवंटित भूमि में बने प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों के आवास को कंडम घोषित करने का मामला।
* जनप्रतिनिधियों एवं जनता की समस्याओं के निदान में लापरवाही।
* भूमि अधिग्रहण मुआवजा में लेन-देन के मामले में लोकायुक्त की छापामार कार्यवाही।
सांसद पुत्र से भी हो चुकी थी अनबन
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की विवादित कार्यशैली के चलते सांसद डॉ.राजेश मिश्रा के पुत्र डॉ.अनूप मिश्रा से भी अनबन हो चुकी थी। दरअसल महीनों से डॉ.अनूप मिश्रा के नर्सिंग होम की फाइल पूरी कार्रवाई के पश्चात भी कलेक्टर के जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष होने से लम्बित पड़ी हुई थी। जब डॉ.अनूप मिश्रा कार्यवाही लम्बे समय से पेंडिग होने से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी से मुलाकात करने उनके कार्यालय पहुंचे तो मिलने के लिये समय देने में भी हीला-हवाली शुरू हो गई।
कार्यप्रणाली को लेकर लंबे अर्से से खड़े हो रहे थे सवाल
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की कार्यप्रणाली को लेकर लम्बे अर्से से सवाल खड़े हो रहे थे। श्री सोमवंशी केवल बंगला एवं कार्यालय चेम्बर तक ही सीमित थे।
सीएम के तत्कालिक एक्शन से अधिकारियों में हडक़ंप
सीएम डॉ.मोहन यादव के रविवार को औचक दौरा एवं तत्कालिक एक्शन से जिले के अधिकारियो में हडक़म्प मच गया है। मलाईदार सीटों में बैठे अधिकारियों की टेंशन बढ़ी हुई है। कई अधिकारी इस दशहत में हैं कि कहीं उनके विरूद्ध भी कार्रवाई न हो जाय। कुछ अधिकारी अपने स्थानांतरण को लेकर भी काफी सहमें हुये हैं। आज कलेक्ट्रेट का नजारा भी बदला हुआ नजर आया। अधिकांश अधिकारी अपने चेम्बर में नजर आये। कुछ अधिकारी तो फाइल भी पलटते नजर आये।

Next Post

72 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: सास-ससुर और पति निकले हत्यारे

Mon Mar 23 , 2026
आलीराजपुर:आलीराजपुर के चन्द्रशेखर आजाद नगर थाना क्षेत्र में हुई एक अज्ञात महिला हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतिका के पति सहित सास-ससुर को गिरफ्तार कर हत्या का पर्दाफाश किया है। प्राप्त जानकारी […]

You May Like