आलीराजपुर:आलीराजपुर के चन्द्रशेखर आजाद नगर थाना क्षेत्र में हुई एक अज्ञात महिला हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतिका के पति सहित सास-ससुर को गिरफ्तार कर हत्या का पर्दाफाश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को ग्राम अमनकुआं स्थित खेलजी के कुएं में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 16/2026 धारा 194 BNSS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मृतिका की पहचान लता पति विपुल अजनार भील (उम्र 28 वर्ष) निवासी अमनकुआं के रूप में हुई।
जांच के दौरान मृतिका के पिता भग्गा भूरिया ने अपनी पुत्री की हत्या की आशंका जताते हुए सास-ससुर पर गंभीर आरोप लगाए। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में भी मौत का कारण गला घोंटना सामने आया, जिससे मामला हत्या की श्रेणी में परिवर्तित कर धारा 103(1) BNS सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा गहन विवेचना एवं साक्ष्यों के आधार पर चश्मदीद गवाहों के बयान लिए गए, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी रावजी अजनार और उसकी पत्नी अदलीबाई को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके पुत्र विपुल द्वारा दूसरी शादी कर लेने के बाद मृतिका लता इसका विरोध कर रही थी, जिससे नाराज होकर उन्होंने मिलकर लता की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के पैर बांधकर मोटरसाइकिल से ले जाकर खेलजी के कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
इसके पश्चात पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विपुल को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम तरोले, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र नायक, दिनेश नरगावे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सशक्त विवेचना के चलते एक अंधे कत्ल की गुत्थी 72 घंटे में सुलझ गई, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
