इंदौर : मल्हारगंज में रहने वाली एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अपने पति को गिरफ्तार करवाया, क्योंकि वह स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को नशा बेचता था. महिला ने घर पर रखे नशे के सामान का वीडियो बनाया और उसे पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को भेजा. आरोपी महालक्ष्मी नगर में पान की दुकान संचालित करता है. इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर पान दुकान से महिला के पति बुद्ध किरण भिड़े को गिरफ्तार कर लिया. महिला पेशे से अकाउंटेंट है.
महिला ने वीडियो में बताया कि किस तरह उसका पति गांजा और स्मैक बाहर से मंगवाता है और उसे पान की दुकान पर रखकर स्कूल-कॉलेज में आने वाले छात्र-छात्राओं को बेचता है. घर पर रखा गांजा भी वीडियो में महिला ने दिखाया. इसके बाद पुलिस ने महालक्ष्मी नगर की दुकान पर छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस उसे मल्हारगंज स्थित निवास पर ले गई और वहां रखा गांजा जब्त किया.
घर पर बनाता था पुड़िया, बच्चों पर पढ़ रहा था गलत असर
महिला ने बताया कि उसका पति घर पर नशे की पुड़िया बनाता था. इसके लिए उसने तराजू भी रख रखा था. इससे बच्चों पर गलत असर पड़ रहा था. उसकी दोनों बेटियां भी उसे यह करते हुए देखती थीं. महिला ने कहा कि वह अपनी बेटियों का भविष्य बर्बाद नहीं करना चाहती थी. नशे का काम देखकर उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी. इसका विरोध किया तो पति ने महिला के साथ मारपीट की.
इसके बाद महिला ने वकील कृष्णकुमार कुन्हारे व रूपाली राठौर के माध्यम से पुलिस कमिश्नर तक बात पहुंचाई. कुन्हारे ने बताया कि आरोपी ने पांच दिन पहले महिला के साथ मारपीट भी की थी. उसके चेहरे पर पांच टांके आए थे. इसकी शिकायत भी पुलिस को की गई थी. तब भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन गांजा जब्त नहीं किया था.
