
जबलपुर। इंदौर की फाइव स्टार होटल में ठहरना, वहां का लजीज खानपान और इंदौर के प्रसिद्ध जू का भ्रमण उनके लिए किसी अद्भुत अनुभव से कम नहीं था। इतनी भव्य व्यवस्थाओं के बीच समय कब बीत गया, इसका पता ही नहीं चला। मैंने तो अपने जीवन में पहली बार हवाई जहाज की यात्रा की और आसमान की ऊंचाइयों से इस सफर का भरपूर आनंद लिया। वहीं प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भगवान के दर्शन किए।
ये सारी बातें इंदौर की विशेष हवाई यात्रा से लौटकर आए 27 मेधावी बच्चों ने कहीं। मौका था बुधवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित महापौर निवास में आयोजित ‘अनुभव संवाद कार्यक्रम का । इस दौरान
कार्यक्रम का माहौल बेहद उत्साहजनक और भावनात्मक रहा।
इस दौरान बच्चों ने महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए इस सुनहरे अवसर ने उनके जीवन के सबसे खूबसूरत सपनों को सच कर दिखाया है। इस मौके पर बच्चों ने एक-एक कर अपने रोमांचक अनुभवों को साझा किया।
चार वर्षों से लगातार जारी है प्रेरणादायक पहल
गौरतलब है कि महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू द्वारा अपनी व्यक्तिगत प्रेरणा और पहल से नगर निगम विद्यालयों के मेधावी बच्चों को विगत चार वर्षों से लगातार हवाई यात्रा कराई जा रही है। इस वर्ष भी कुल 27 मेधावी बच्चों को हवाई यात्रा के साथ-साथ उच्च कोटि की अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे प्रतिभावान विद्यार्थियों को नई प्रेरणा और प्रोत्साहन मिल सके। प्रेरणादायी ‘अनुभव संवाद कार्यक्रम के अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू के साथ नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, एम.आई.सी. सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, अंशुल राघवेंद्र यादव, रजनी कैलाश साहू सहित कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
