नयी दिल्ली, 04 नवंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी की हर छत को सौर ऊर्जा का स्रोत बनाने और दिल्ली को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने बुधवार को यहां भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा सम्मेलन एवं एक्सपो के सोलर प्लेनरी सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में अब तक लगभग एक लाख लोगों ने सौर ऊर्जा अपनाने के लिए पंजीकरण कराया है, जो इस दिशा में लोगों के बढ़ते विश्वास और जागरूकता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली सरकार भी केंद्र के साथ मिलकर राजधानी को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दिल्ली सरकार इस योजना को आगे बढ़ाते हुए लोगों को अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत दिल्ली में तीन किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर सिस्टम मुफ्त लगाए जा रहे हैं, जबकि इससे अधिक क्षमता वाले सिस्टम पर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी के हर घर में सौर ऊर्जा का उपयोग हो, परिवारों को बिजली के बिल में राहत मिले और दिल्ली सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा केवल तकनीकी पहल तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक परिवार की जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा सम्मेलन जैसे आयोजन स्वच्छ ऊर्जा के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसमें देश-दुनिया के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और उद्योग जगत के लोगों का एक मंच पर आना इस क्षेत्र में सहयोग और नई संभावनाओं को बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में मिलकर आगे बढ़ रही है और दिल्ली सरकार भी ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने प्रयास जारी रखेगी।

