विदिशा में शिक्षक की दबंगई! मासूम बच्ची को उठाकर फेंका, वीडियो वायरल; DEO ने दिए जांच के आदेश

विदिशा: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक शिक्षक की कथित दबंगई का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। स्कूल परिसर में खेल रही एक मासूम बच्ची को शिक्षक द्वारा उठाकर फेंकने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि शिक्षक ने बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत शिक्षा विभाग तक पहुंचने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

मामला हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम धामनोद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। यहां संकुल प्राचार्य के पद पर पदस्थ कमल सिंह मीणा पर बच्ची के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसे उठाकर फेंकने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को बचाया। सामने आए वीडियो में शिक्षक बच्ची को लेकर धमकी भरे अंदाज में बात करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो डिलीट करने को लेकर हुआ विवाद

ग्रामीण युवक खुमान सिंह का आरोप है कि स्कूल की 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा को सरकारी योजना के तहत स्कूटी और लैपटॉप मिलना था। युवक का दावा है कि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर प्राचार्य ने रिश्वत मांगी थी। उसने कथित तौर पर रिश्वत मांगने का वीडियो बना लिया था। इसी वीडियो को डिलीट कराने के लिए प्राचार्य उस पर दबाव बना रहे थे। युवक के इनकार के बाद विवाद बढ़ने और बच्ची के साथ कथित मारपीट जैसी घटना होने का आरोप है।

शिक्षा विभाग ने गठित की जांच टीम

मामले के सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने जांच टीम गठित कर दी है। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा संबंधित प्राचार्य के दिव्यांगता प्रमाण पत्र की भी जांच कराए जाने की बात कही गई है। विभाग के मुताबिक, जांच में किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम और संबंधित आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

जनरल स्टोर पर छापा बिना लाइसेंस बिक रहे अवैध पटाखे , एक आरोपी गिरफ्तार

Wed Nov 4 , 2026
जबलपुर | जबलपुर के ग्वारीघाट इलाके से एक बड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने पोलीपाथर के एक जनरल स्टोर पर अचानक छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की है। चौंकाने वाली बात यह है कि बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों […]

You May Like