मुरैना: मुरैना में भाजपा नेता और सरपंच राजकुमार यादव के घर हुई डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में शामिल 7 आरोपियों में से 6 को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक अभी फरार है। आरोपियों के पास से 48 लाख रुपए नगद, 40 तोला सोना-चांदी के आभूषण, 2 राइफल और वारदात में उपयोग की गई गाड़ियां जब्त की गई हैं। जौरा थाना क्षेत्र के अलापुर गांव में करीब 6 सशस्त्र बदमाश सरपंच राजकुमार यादव के घर में घुसकर 60 लाख रुपए नगद, 40 तोला सोना-चांदी और 2 बंदूकें लूटकर फरार हो गए थे।
इस करीब सवा करोड़ की डकैती ने इलाके में सनसनी मचा दी थी। घटना के बाद पुलिस लगातार जांच में जुटी रही। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाले गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। एसपी समीर सौरभ ने बताया कि पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सुराग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन जब परिणाम नहीं मिला तो पुराने मुखबिरों और ग्रामीणों से पूछताछ की गई।
इसी प्रक्रिया में गिरोह का पता चला। इस मामले में कुल 7 आरोपी हैं, जिनमें से 6 को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार आरोपी विवेक गुर्जर मुरैना का रहने वाला है, जबकि बाकी 6 आरोपी धौलपुर (राजस्थान) के निवासी हैं और उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने चोरों के पास से 48 लाख रुपए नगद, 40 तोला सोना, 2 राइफल, बोलेरो और कैंटर वाहन बरामद किए हैं।
