
धार, शासकीय कन्या महाविद्यालय धार के प्राचार्य डॉ. सुशील फडक़े ने बताया कि महाविद्यालय की दो प्रतिभावान छात्राओं का चयन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर की महिला क्रॉस कंट्री टीम में हुआ है। चयनित छात्राओं में कु. संजना डावर एवं कु. शिवानी गोयल शामिल हैं।
कु. संजना डावर, पिता श्री भरत डावर एवं माता श्रीमती संगीता डावर, निवासी जीरापुरा तथा कु. शिवानी गोयल, पिता श्री उमराव गोयल एवं माता श्रीमती रेखा गोयल ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की महिला टीम में स्थान प्राप्त किया है।
दोनों छात्राएं 7 नवंबर 2026 को मंगलौर विश्वविद्यालय, मंगलौर (कर्नाटक) में आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीन क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता सत्र 2026-27 में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी सुश्री अंतिमबाला कुमावत ने बताया कि दोनों छात्राओं के चयन में उनकी मेहनत, नियमित अभ्यास एवं खेल के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील फडक़े, क्रीड़ा अधिकारी एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
