
भानपुरा। भानपुरा तहसील क्षेत्र के ग्राम संधारा स्थित शासकीय कन्या प्राथमिक एवं माध्यमिक संयुक्त विद्यालय बीते दो वर्षों से बकरियों का अड्डा बना हुआ है। विद्यालय की बाउंड्री वॉल लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण रोजाना शाम से देर रात व सुबह तक बकरियों को विद्यालय परिसर में बांध दिया जाता है, जिससे यहां अध्ययनरत 110 छात्राएं एवं विद्यालय परिवार भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापक ललिता धाकड़ ने बताया कि बकरियों की लगातार मौजूदगी से विद्यालय का स्वच्छ वातावरण प्रभावित हो गया है। छात्राओं की पढ़ाई बाधित होती है, कई बार बकरियां कक्षाओं की खिड़कियों की जालियों में मुंह डालकर मिमियाने लगती हैं। परिसर में गंदगी का अंबार लगा रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बकरियों के 3–4 मालिकों को यहां से बकरियां हटाने के लिए कहा जाता है तो वे रात में शौचालयों के ताले व दरवाजे तोड़ देते हैं, शराब की बोतलें तोड़कर कांच बिखेर देते हैं तथा जर्दा थूककर परिसर को और गंदा कर देते हैं।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस गंभीर समस्या से सरपंच को लिखित में एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में ग्राम सरपंच चांदमल पाटीदार ने बताया कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में बाउंड्री वॉल को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद लोगों ने यहां बकरियां बिठाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यह गंभीर समस्या है और पुलिस प्रशासन को लिखकर तथा बकरियों के मालिकों से चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार सिंह चंदेल ने कहा कि उन्हें अब तक इस संबंध में लिखित शिकायत नहीं मिली है, किंतु जानकारी मिलने के बाद मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। वहीं तहसीलदार विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें इस विषय में अभी तक जानकारी नहीं मिली थी, परंतु इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाकर विद्यालय की बाउंड्री वॉल दुरुस्त कराई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाध्यापक ललिता धाकड़ ने बताया कि विद्यालय में फैली गंदगी के कारण छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शरारती तत्वों के कारण विद्यालय स्टाफ व छात्राओं में भय का माहौल बना हुआ है।
