
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश से रिक्त हुई राज्यसभा सीट के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भोपाल के समाजसेवी एवं पुराने भोपाल निवासी राजकुमार लोहानी ने नामांकन दाखिल कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। भाजपा द्वारा हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद निर्विरोध चुनाव की संभावना के बीच लोहानी की उम्मीदवारी से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
नामांकन दाखिल करने के बाद लोहानी ने कहा कि प्रदेश के बाहर के व्यक्ति को उम्मीदवार बनाए जाने से जनता में नाराजगी है। उन्होंने जेफ्री एपस्टीन के साथ हरदीप पुरी की तस्वीर को लेकर सामने आई खबरों पर भी सवाल उठाए।
लोहानी ने बताया कि मित्रों से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कांग्रेस विधायकों का समर्थन मिलने का दावा करते हुए नेता प्रतिपक्ष के उपनेता हेमंत कटारे और विधायक आतिफ अकील का नाम लिया, जिन्होंने उनकी उम्मीदवारी में सहयोग किया।
उन्होंने सभी दलों के विधायकों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव मध्यप्रदेश के सम्मान और संसद में प्रदेश के प्रतिनिधित्व का सवाल है। उन्होंने भाजपा को निर्विरोध जीत के बजाय चुनावी मुकाबले का सामना करने की चुनौती भी दी।
