
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत दद्दाजी घाट पर दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया 18 वर्षीय युवक रेहान अंसारी नर्मदा नदी के गहरे पानी में डूब गया। करीब 19 घंटे चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार दोपहर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव बरामद किया है।
तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि हनुमान ताल टेढ़ी नीम, बड़ा मादर छल्ला निवासी रेहान अंसारी पिता कुतबुद्दीन अंसारी 18 वर्ष रविवार शाम करीब 5:30 बजे अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए दाद्दाजी घाट पहुँचा था। गर्मी और मस्ती के माहौल में युवक नदी में नहाने के लिए उतरा, लेकिन तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि रेहान खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। हादसे की सूचना मिलते ही तिलवारा पुलिस सहित होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। गोताखोरों की मदद से रविवार रात 12 बजे तक नदी में रेहान की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा और गहराई बाधा बनी रही। सोमवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी ताकत से शुरू किया गया। गोताखोरों ने नदी की तलहटी और बहाव की दिशा में सर्चिंग की, जिसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर रेहान का शव मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रेहान की मौत से उसके घर में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
